गाजीपुर। शहर कोतवाली के बड़ी बाग स्थित कांशीराम आवास में रविवार की दोपहर एक युवक को मारने आए दूसरे युवकों की टोली में से एक को महिलाओं ने लाठी-डंडे से जमकर पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक की बाद में वाराणसी में मौत हो गई।
कांशीराम आवास में शनिवार को सलीम राईनी अपने घर की छत पर बैठा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। उनमें किसी बात को लेकर पहले कहासुनी फिर मारपीट होने लगी। पास में ही मौजूद अवनीश नामक युवक बीच-बचाव करने पहुंच गया। ऐसे में हमलावरों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। जैसे ही आवास के लोग निकले, युवक वहां से भाग गए। दोनों घायल युवकों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। इस मामले में दीपक, चंदन और अली हसन के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसी झगड़े को लेकर रविवार की दोपहर में सलीम नामक युवक को खोजते हुए तीन-चार की संख्या में बाहरी युवक फिर कांशीराम आवास परिसर में पहुंच गए। शनिवार की घटना से गुस्साई महिलाओं की नजर जैसे ही उनपर पड़ी, वे लाठी-डंडे लेकर निकल पड़ीं। महिलाओं ने युवकों को दौड़ा लिया। भागते समय शास्त्री नगर निवासी झक्खड़ सिंह का पुत्र छोटू सिंह (20) पैर फिसल जाने से गिर पड़ा। जब तक वह उठकर भागता, तब तक महिलाएं उसके पास पहुंच र्गइं और लाठी-डंडे से उसे जमकर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छोटू को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वहां एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद महिलाएं कोतवाली पहुंच गईं और सीओ कमल किशोर को घटना की पूरी जानकारी दी। कोतवाल श्रीकांत पांडेय ने बताया कि महिलाओं ने तहरीर देकर कहा है कि युवक एक लड़की के साथ छेड़खानी कर रहे थे। ऐसे में विरोधस्वरूप उन्हें दौड़ाया गया। भागते समय छोटू फिसलकर गिर गया, जिससे वह हैंडपंप और दीवार से टकराकर घायल हो गया।