दुल्लहपुर( देवा रेलवे फाटक के समीप रविवार की शाम बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर बीडीसी सदस्य आनंद बिहारी यादव (25) की हत्या कर दी। इसके बाद वे असलहा लहराते हुए घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी बोलेरो से भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई, लेकिन ग्रामीणों ने यह कहते हुए उसे ढाई घंटे तक शव कब्जे में नहीं लेने दिया कि पहले हत्यारों की गिरफ्तारी करो। बाद में काफी समझाने पर ग्रामीण मान गए।
नसीरपुर जीवन गांव निवासी रामधनी यादव का पुत्र बीडीसी सदस्य आनंद बिहारी यादव अपने मित्र गोदसइया निवासी बबलू यादव के साथ बाइक से दुल्लहपुर खरीदारी करने आया था। यहां से वह रेलवे लाइन के किनारे से घर लौट रहा था। बाइक बबलू यादव चला रहा। शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह देवा रेलवे फाटक के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक रोक दी। इसके बाद उन्होंने बबलू को आतंकित कर भगा दिया। इसके बाद आनंद बिहारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सिर, जबड़े और पीठ में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए कुछ दूरी पर खड़ी बोलेरो से भाग गए।
घटना की जानकारी होते ही आसपास और आनंद के गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। जखनिया के एसडीएम अरुण सिंह, भुड़कुड़ा एसओ सहित दुल्लहपुर की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने जैसे ही शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, ग्रामीणों ने यह कहकर उसे रोक दिया कि पहले हत्यारों को गिरफ्तार करो। शाम सात बजे भुड़कुड़ा सीओ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। उनमें इस बात को लेकर भी आक्रोश था कि पुलिस घटना के आधे घंटे बाद पहुंची। सीओ के काफी समझाने और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन पर लोगों ने ढाई घंटे बाद साढ़े सात बजे पुलिस को शव कब्जे में लेने दिया।