गाजीपुर। शहर के मिश्र बाजार स्थित छोटा इमामबाड़ा में रविवार को कर्बला के शहीदों की याद में 72 ताबूत निकाला गया। इसमेें पहले 72 शहीदों की नज्ऱ हुई। दोपहर साढ़े 11 बजे जनाब अहसन साहब जलालपुरी और उनके हमनवां की सोजख्वानी से मजलिस की शुरुआत हुई। इसके बाद जनाब उरुज अब्बास, नायाब बलियावी और रजी विस्मानी ने पेशखानी की।
इसके बाद मौलाना मेंहदी हसन वायज साहब ने तकरीर की, जिसमें तीन बार हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। उन्होंने नारा लगाने की वजह बताई कि इमाम हुसैन अल्लैहस्लाम ने कर्बला से हिंदुस्तान आने की ख्वाहिश जाहिर की थी। इसलिए हुसैन को मानने वालों का फर्ज बनता है कि वे हिंदुस्तान की सरजमीं से प्यार करें। मौलाना की मजलिस के बाद मुजफ्फरनगर से आए नौहाखां जनाब काशिफ ककरौलवी नेे बहुत ही दिलसोज दो नौहे पढ़े। इसके बाद 72 ताबूत का परिचय कराते हुए जनाब जीशान निजामाबादी ने एक-एक करके सभी ताबूत बरामद कराए। अंजुमन गुलजारे मोहम्मदी नूरुद्दीनपुरा ने एक नौहा पढ़ा। अंत में इमामे जुमे जमात शहर गाजीपुर मौलाना तनवीरुल हसन साहब ने जियारत पढ़ाकर जुलूस का समापन किया। इसमें खाने की व्यवस्था डा. मोहम्मद आजम कादरी की ओर से की गई थी। जुलूस का संचालन कद्र पारवी ने किया। कमेटी 72 ताबूत के जनाब जावेद गाजीपुरी तथा सैय्यद अली नैय्यर साहब, शमीम साहब मोहम्मदपुर, अली इमाम व्यवस्था में लगे रहे। कद्र पारवी ने बताया कि 72 ताबूत हिंदुस्तान में गिनीचुनी जगहों पर होता है, जिसमें गाजीपुर भी शामिल है। इसलिए इसमें बिहार के मुजफ्फरपुर और रांची से भी लोग आए। इसके अलावा बनारस, आजमगढ़, मऊ, इलाहाबाद, जौनपुर से भी लोग इसमें शरीक हुए।