गाजीपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री योगेश सिंह के जिले में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताआें ने पार्टी कार्यालय टैक्सी स्टैंड पर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओें ने शहर में जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि योगेश के प्रदेश मंत्री बनने से पार्टी मजबूत होगी।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री योगेश सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार में छात्र और युवा बदहाल हैं। उन्हें दिशा देने वाला कोई नहीं है। केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को गुमराह कर रही हैं। ऐसे में युवाओं की पूरी उम्मीद नरेंद्र मोदी पर है। कहा, नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार को ठगा जा रहा है। अब तक बेरोजगार युवकों से दो सौ करोड़ रुपये ले लिए गए हैं। सरकार नौकरी देने का नाटक कर रही है यही वजह है कि दो वर्ष बीतने के बाद अभी तक किसी को नौकरी नहीं मिली। ऐसी सरकार को लोकसभा चुनाव में सबक सिखाने के लिए युवा तैयार हैं।
इससे पहले भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला जो पार्टी कार्यालय से टैक्सी स्टैंड पहुंचा। इसके साथ ही सिधौना, सैदपुर, रावल मोड़, देवचंदपुर, जेवर, रामपुर माझा, नारी पचदौरा, चाड़ीपुर, चोचकपुर होते हुए पीजी कालेज चौराहा, सहजानंद कालेज, कचहरी, महुआबाग, सिटी रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरूण सिंह, रामतेज पांडेय, डा. व्यासमुनी राय, विजयशंकर राय, रामनरेश कुशवाहा, राघवेंद्र सिंह, विश्वप्रकाश अकेला, मनोज यादव, भोला राय, मनोज श्रीवास्तव, अनुप शर्मा, विशाल सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश भारद्वाज एवं संचालन सुमीत तिवारी ने किया।