गाजीपुर। खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग की ओर से लंका के रामलीला मैदान में आयोजित खादी उत्सव-2013 को तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब यह 8 दिसंबर तक चलेगा। यह निर्णय इस मेले में हो रही भीड़ तथा जबरदस्त खरीददारी के चलते लिया गया। बुधवार को मेला का व्यवसाय 14 लाख तक पहुंच गया। शाम को कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के नामी कवियों ने अपनी रचनाओं से लोगों को भाव विभोर कर दिया।
खादी उत्सव 2013 में लगाए गए स्टालों पर सदरी, शाल, साड़ियां, कंबल, गर्म कपड़ों के साथ ही अंावलें का आचार, जैम, जैली, मुरब्बा, दवाइयां, काष्ठ कला की वस्तुओं का प्रदर्शन तथा बिक्री की जा रही है। इसमें भदोही, मिर्जापुर के कालीन, कुशन, काश्मीरी कांथा, बालूचेरी साड़ियां, बंगाल की सिल्क साड़ियां आदि के भी स्टाल लगाए गए हैं। इस मेले में लोगों के उत्साह के कारण लगातार बिक्री बढ़ती जा रही है। बुधवार की शाम मंच से दूर-दराज से आए कवियों ने राजनीति, व्यवसाय, नेता तथा समाज के विभिन्न पहलुओं पर कविता प्रस्तुत की।
अशोक मिश्रा ने अपनी कविता के माध्यम से भ्रष्टाचार को उजागर किया। कविता तिवारी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर लोगों को मुग्ध कर दिया। इस मौके पर राजेंद्र पंडित, मुकुल महान, रतन कुमार तिवारी, महेश धावरी, वाहिद अली, भोला नाथ आदि की रचनाओं पर श्रोता विभिन्न रसों में डूबते उतराते रहे। इस मौके पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी पीएस सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह, विनोद श्रीवास्तव, श्रीराम सिंह आदि मौजूद रहे।