सैदपुर। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बुधवार को 15 लोग घायल हो गए। औड़िहार के पास हुई सड़क दुर्घटना के चलते लगभग आधा घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा।
बुधवार तड़के लगभग साढ़े 4 बजे वाराणसी से बिजली का सामान लादकर मऊ जा रही पिकअप और गोरखपुर से वाराणसी की तरफ जा रही मार्शल विधायक सुभाष पासी के सैदपुर स्थित आवास के पास आमने-सामने भिड़ गई। इस घटना में पिकअप चालक चौबेपुर धौरहरा निवासी हरिचरण यादव (30) तथा मार्शल सवार गोरखपुर निवास राजेश कुमार (35) एवं गोरखपुर के गोलघर निवासी सुभाषचंद (36) को चोटें आई। दूसरी घटना दिन में लगभग 12 बजे औड़िहार के जौनपुर-गाजीपुर-वाराणसी तिराहे पर हुई।
सवारियों से लदी सैदपुर से नियार घाट जा रही मैजिक और एक वैवाहिक कार्यक्रम में वाराणसी से बलिया आ रही लोगों के भरी टवेरा आमने-सामने भिड़ गई। इस जोरदार टक्कर में मैजिक सवार नंदगंज निवासी कुरेश सोंटी (45), जाहिर चिलार (45), भगवान सोंटी, सरायसरीफ निवासी धर्मदेव, रामधनी, नेवादा खानपुर निवासी रजावती तथा अस्पताल से इलाज से लौट रही भुजाड़ी खानपुर की सुमन (20 ), उसकी मां सोमारी (55), बहदिया खानपुर के प्रदीप तथा टवेरा के चालक शिवकुमार सेठ, आकाश राय (25) और ललिता (60) घायल हो गए। हादसे के चलते लगभग आधा घंटे तक सड़क जाम रही। बाद में ग्रामीणों ने यातायात सामान्य कराया। आवागमन बाधित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।