गाजीपुर। सोमवार की देर शाम टाउन नंबर-1 फीडर का स्पाउट फट जाने से संबंधित क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। इसे दुरुस्त करने के लिए देर रात अन्य फीडरों की आपूर्ति भी बंद कर दी गई, जिससे रौजा सहित कई ग्रामीण क्षेत्र आधी रात तक अंधेरे में डूबे रहे।
सोमवार की शाम 7 बजे अचानक टाउन नंबर एक के पैनल में लगने वाला स्पाउट फट गया। इसके चलते इससे संबंधित फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रौजा, चंद्रशेखर, इंद्रानगर कालोनी, बक्सूपुर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूब गए। स्पाउट को दुरुस्त करने के लिए रात करीब 10 बजे उपकेंद्र से होने वाली सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई। लाइन कटते ही गर्मी से परेशान लोगों की बेचैनी बढ़ गई। राहत पाने के लिए लोग घरों से बाहर निकल आए। पहले तो लोगों ने सोचा कि रात 10 से 1 बजे तक कटौती है, लेकिन प्रकाशनगर उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने पता किया तो मरम्मत की बात पता चली। रात डेढ़ बजे आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में रौजा उपकेंद्र के जेई वीरबहादुर लाल ने बताया कि मरम्मत का सामान गाजीपुर में न मिलने की वजह से उसे मऊ से मंगाना पड़ा। रात10 बजे सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कर मरम्मत का काम शुरू हुआ और रात डेढ़ बजे सभी फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई।