गाजीपुर। पिछले दो दिनों से धूप खिलने तथा सर्द हवा न चलने की वजह से तापमान फिर से चढ़ने लगा है। लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली है। अब दोपहर में लोग बिना गर्म कपड़ों के बाजार में टहलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी भी सुबह-शाम और रात के वक्त ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम में उतार- चढ़ाव से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बेपटरी हो जा रही है। एक पखवारे से बनते-बिगड़ते मौसम की मार आम जनता भी झेलती रही है। लेकिन पिछले दो दिनों से आसमान साफ होने और धूप खिलने के कारण तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। ऐसे में ठंड से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। लोग जैकेट और फुल स्वेटर की जगह हाफ स्वेटर और जैकेट पहनने लगे हैं। रात के वक्त रजाई की जगह अब हल्के कंबल ही प्रयोग में लाए जा रहे हैं। हालांकि अब भी आसमान में कभी कभार उमड़-घुमड़ रहे बादलों को देख कर किसान चिंतित हो जा रहे हैं। मौसम कब किस करवट बैठेगा, यह कहना कठिन है। कुल मिला कर दो दिन से मौसम साफ होने की वजह से लोग राहत की सांस ले रहे हैं।