गाजीपुर। विश्व मधुमेह दिवस पर बुधवार को स्वास्थ्य महकमे द्वारा जागरूकता रैली निकाल कर गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर कर्मचारी संगठन समेत अन्य संगठनों द्वारा कार्यक्रमों का अलग-अलग आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में अमर उजाला फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहेगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से बुुधवार को सीएमओ कार्यालय से कचहरी तक ग्लोबल डायबिटीज वॉक का आयोजन किया गया है, जो कचहरी स्थित राइफल क्लब पर समाप्त होगा। इस दौरान कर्मचारी संगठन सहित अन्य संगठन भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। मधुमेह पर गोष्ठी का आयोजन कर इस रोग के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। सदर अस्पताल में भी मधुमेह दिवस पर एक शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें मरीजों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें संबंधित दवाएं दी जाएंगी। वर्तमान में मधुमेह रोगियों की संख्या बहुत अधिक है। इस बीमारी से पीड़ित लोगों को सही उपचार व सलाह न मिलने के कारण वह समस्या से जूझ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता आवश्यक है। देखा जाए तो जनपद में मधुमेह के रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। डिप्टी सीएमओ आरके सिन्हा ने बताया कि यह रोग पहले युवाओं को नहीं होता था, लेकिन अब कोई अछूता नहीं रह गया है। स्वास्थ्य महकमे के आंकड़ों पर गौर करें तो 25 वर्ष के युवा भी इसकी जद में तेजी से आते जा रहे हैं। इनकी संख्या भी 40 फीसदी हो चुकी है। इसमें रासायनिक खाद के प्रयोग, तनाव ग्रस्त जीवन जीना, शरीर को आराम तलब बनाना। इससे बचाव के लिए समय रहते सचेत होना जरूरी है। शरीर से मेहनत, योग के साथ ही संतुलित भोजन आवश्यक है।