जमानिया(गाजीपुर)। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित द्रोणा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसे लेकर केंद्र के सदस्यों ने बैठक आयोजित कर सोमवार को मिठाई बांटी और टीम के सदस्यों से पदक की उम्मीद जताई।
बैठक में जिला सचिव नंदू दूबे ने कहा कि नौ वर्ष इंडियन राउंड बालक स्पर्धा में संजय कुमार एवं पवन सिंह 14 वर्ष इंडियन राउंड बालक में रोहित कुमार, निशांत सिंह तथा बालिका वर्ग में अंजली कुमारी, भावना सिंह, प्रीति पाल, 14 वर्ष बालक रिकर्व स्पर्धा में राकेश कुमार, रिकर्व स्पर्धा बालिका वर्ग में खुशी एवं पल्लवी का चयन किया गया है। कहा कि दिन भर कठिन परिश्रम कर खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में चयनित होकर जिले का नाम रोशन करने का काम किया है। यह संस्था के लिए हर्ष का विषय है। अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एवं कोच सतीश दुबे ने कहा कि इस अकादमी से प्रतिवर्ष कई खिलाड़ी राष्ट्रीय फलक पर कामयाबी का परचम लहरा रहे हैं। टीम के साथ कोच मुकेश तुरी, राकेश मौर्य भी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में प्रदेशीय टीम के साथ जाएंगे। इस अवसर पर राजन चौधरी, इमरान खान, रोहित सिंह, मोनिका, साधना, प्रमोद, अजीत कुशवाहा, अमित, बलराम यादव, आशीष कुमार, शुभम सिंह आदि उपस्थित थे।