कासिमाबाद (गाजीपुर)। तीन अगस्त को रिलीज होने वाली फिल्म सत्यमेव जयते में कुछ आपत्तिजनक सीन को लेकर शिया समुदाय में नाराजगी है। सोमवार को शिया समुदाय की बैठक चावनपुरगनी में आयोजित हुई। इसमें उपस्थित लोगों ने इस फिल्म को प्रदर्शित होने से रोकने की मांग राष्ट्रपति से की है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि इस फिल्म में एक सीन में मातम के दौरान कत्ल करते हुए दर्शाया गया है, जो सिर्फ शिया समुदाय का ही नहीं बल्कि इस देश की जनता का अपमान है। वक्ताओं ने कहा कि फिल्म के डायरेक्टर मिलाप मिलन जावेरी की ओर से बनाई गई फिल्म सत्यमेव जयते में इस भयावह दृश्य से शिया समुदाय मर्माहत है। कहा गया कि इमाम हुसैन से मोहब्बत रखने वाले लोगों के दिलों को काफी ठेस पहुंची है। लोगों ने फिल्म के सीन पर कड़े शब्दों में आपत्ति दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि समुदाय विशेष को ध्यान में रखते हुए इस फिल्म का प्रदर्शन तत्काल रोक दिया जाए। बैठक में ऑल इंडिया शिया यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव सैयद जफर अब्बास, जहीन अब्बास, फरहान अब्बास, फैज गाजीपुरी, सलमान, अमिश अली, सैयद जुल्फिकार हुसैन, सैयद काजिम अब्बास, सैयद मोहम्मद तालिब, मेराज हैदर आदि उपस्थित थे।