सादात (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक के मलौरा गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेला में कुल 172 बीमार पशुओं को पंजीकृत किया गया। इन पशुओं का चिकित्सकों की तरफ से नि:शुल्क इलाज किया गया। पशुओं का टीकाकरण कर आवश्यक दवाएं भी दी गई।
इससे पूर्व मलौरा गांव के प्रधान प्रतिनिधि विजय बहादुर यति ने गो-पूजन कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मेला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। दूध का दाम दोगुना करने और मार्केटिंग की अच्छी व्यवस्था करने का कदम उठाया जा रहा है। इस दौरान सादात के पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालकों को पशु पोषण और पशु रोग नियंत्रण की जानकारी दी। डॉ. इंदुशेखर मौर्य ने पशुओं में बांझपन के कारण और उसके उपचार के बारे में बताया। बड़ागांव के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार यादव ने बताया कि सरकार ने पशुओं की सुरक्षा और उनके पोषण के लिए तमाम योजनाएं चलाई हैं। उन योजनाओं का लाभ पशुपालकों को दिया जा रहा है। मेला के आयोजन में गांव के किसान राजेंद्र सिंह यादव, कपिलदेव यादव और अरविंद का विशेष योगदान रहा।