गाजीपुर। प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी से आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरजू पांडेय पार्क में मंगलवार में धरना-प्रदर्शन किया। चेतावनी दिया कि मानदेय में वृद्धि होने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष/पूर्वांचल प्रभारी रमेश कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2017 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की लगभग चार लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पार्टी के चुनावी घोषणा संकल्प पत्र में 120 दिनों के अंदर मानदेय में वृद्धि किए जाने तथा अन्य सेवा शर्तों को लागू करने का लिखित वायदा किया गया था, लेकिन 460 दिन बीत जाने के बाद भी वादा पूरा नहीं किया गया। कहा कि हम इस वादाखिलाफी को किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं करेंगे। मांगें पूरा होने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। सैदपुर ब्लाक उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा ने कहा कि अगर सरकार ने अपना वादा नहीं निभाया तो आगामी लोकसभा चुनाव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं विरोध करेंगी। धरना में सुनीता मौर्या, बिंदू यादव, पुष्पा यादव, विजय लक्ष्मी पांडेय, ऊषा किरण, सुमन, गुड़ियां, चंद्रकला कुशवाहा, आशा यादव, शकुंतला देवी, ऊषा, डा. सत्यप्रकाश यादव, विनोद कुमार मौर्य आदि सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।