गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मानव संसाधन के महाप्रबंधक द्वारा 18 संविदा कर्मियों की संविदा समाप्त करने से नाराज संविदा कर्मी आक्रोशित हैं। बुधवार को सीएमओ को पत्रक सौंपते हुए चेतावनी दिया कि जबतक सभी को वापस नहीं लिया जाता है, तबतक कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश के मानव संसाधन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के महाप्रबंधक का तानाशाही रवैया नहीं चलेगा। प्रदेश के दूसरे जिले के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर, डिस्ट्रिक्ट एकाउंट मैनेजर, डिस्ट्रिक्ट कम्युनिटी प्रोग्राम मैनेजर, ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर कुल 18 संविदा कर्मियों को बिना नोटिस दिए ही संविदा सेवा समाप्त कर दी गई। महाप्रबंधक के इस तानाशाही रवैए की जितनी निंदा की जाए कम है। जब तक सभी 18 कर्मियों को वापस नहीं लिया जाता है, कार्य बहिष्कार चलता रहेगा। इस मौके पर शीतल कुमार, प्रभुनाथ, अनिल कुमार वर्मा, अशोक पांडेय, शिव कुमार, मुहम्मद अजहर खान, विपिन तिवारी, डॉ. पीपी सिंह, भारत भूषण श्रीवास्तव, साकेत कुमार सिंह, धनंजय कुमार आदि मौजूद रहे।