सेवराई। तहसील क्षेत्र के स्वर्गीय चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय रामपुर कनवा के महाविद्यालय परिसर में चार दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर आयोजित थी। इसका समापन विभिन्न सांस्कृतिक तथा सामाजिक कार्यक्रमों के बीच रविवार को हुआ।
इस अवसर पर भ्रूण हत्या, सामाजिक कलंक दहेज, राष्ट्रवाद, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज में बेटियों के प्रति अभिभावकों की गैर जिम्मेदाराना रवैया का सचित्र चित्रण कर सबको मर्माहत कर दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान सेवराई उर्मिला सिंह ने कहा कि हमारे देश में बेटियों को बेटों की अपेक्षा कम आंका जाता है। जबकि बेटियां घरेलू काम-काज को करते हुए पढ़ाई-लिखाई और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रतिभा दिखाती हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम में भी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान शौचालय के प्रयोग, दहेज, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ भ्रूण हत्या आदि गंभीर विषय पर लोगों को जागरुक करने का काम किया है। उनका यह कार्य सराहनीय है। महाविद्यालय के प्रचार और राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के कार्यक्रम अधिकारी डा. आंचल अग्रवाल ने शिविर के बेहतरीन छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य अरविंद दुबे, रामप्रताप सिंह, डा. कृष्ण मोहन पांडेय, भूपेंद्र सिंह, डा. हेमंत शुक्ला, श्वेता गुप्ता, मोहम्मद परवेज, जितेंद्र कुमार, मनीष सिंह गांधी, दीपक त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश बिट्टू, मनोज, टीएन राय, विनोद कुमार ओझा, सुनील, राजू यादव, सत्येंद्र, सुनील यादव, अमित सिंह, धनंजय पासवान, अनिरुद्ध सोनकर, डा. परवेज, मिथिलेश सिंह, नवीन सिंह आदि मौजूद रहे।