नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-21 महात्मा गांधी नगर के आमघाट सहकारी कालोनी की सड़क महीनों से खस्ताहाल है। जिससे विद्यालय के बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को कालोनी में स्थित बचपन एवं डेफोडिल्स स्कूल के बच्चों ने सड़क निर्माण कराने संबंधी चार्ट लेकर जिलाधिकारी एवं पालिकाध्यक्ष से उनके स्कूल को जाने वाली सड़क को बनवाने का निवेदन किया।
आमघाट सहकारी कालोनी की सड़क आवागमन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इस पर दिन भर छोटे-बड़े वाहनों का दबाव बना रहता है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ ही किनारे गिराई गई गिट्टियों के इधर-इधर बिखर जाने से आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पिछले दिनों कालोनी के लोगों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ। शुक्रवार को कालोनी में स्थित बचपन एवं डेफोडिल्स स्कूल के बच्चों ने सड़क निर्माण संबंधी हाथ में लिखा चार्ट लेकर जिलाधिकारी एवं पालिकाध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराकर सड़क का निर्माण कराने का निवेदन किया। इस अवसर पर स्कूल के मैनेजर प्रेमप्रकाश राय, ऋषभ अग्रवाल, श्रीप्रकाश सिंह, राजेश राय, सोनू राय, अनिल चौधरी, वैभव राय, शिक्षिका सलोनी सिंह, सनोवर बानो एवं सभासद सोमेश मोहन राय आदि मौजूद थे।