कासिमाबाद (गाजीपुर)। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश नीति के चलते भारत का मान आज दुनिया में सबसे ज्यादा बढ़ा है। यह बातें बलिया के सांसद भरत सिंह ने नेशनल इंटर कालेज में सोमवार को आयोजित पंडित दीनदयाल जन्मशती शताब्दी वर्ष के तहत जनकल्याण सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सबसे तेजी से विकसित देशों में अग्रसर है। हमारी विदेश नीति की अमेरिका जैसे देश ने लोहा मान लिया है। यही कारण है कि वहां के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री को भोज देकर सम्मानित करने का काम किया है। भारत में अब तक जो भी सरकारें आईं, सिर्फ झूठे वादे और छलने का काम किया। हमारी सरकार जनता की जन कल्याणकारी योजनाएं एक-एक करके धरातल पर लाने में सफल हुई है, जिससे हर गरीब तबका को इसका लाभ मिला है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की चर्चा करते हुए कहा कि वहां पर जो पत्थरबाजी और पुलिस पर बढ़ते घटनाओं पर चिंता करने की जरूरत नहीं है। बहुत शीघ्र सब पर काबू पा लिया जाएगा। आतंकवाद को इस देश से समूल नष्ट करने का काम नरेंद्र मोदी करेंगे। इस अवसर पर सांसद भरत सिंह ने कासिमाबाद के नेशनल इंटर कॉलेज में कंप्यूटर कक्ष का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर नरेंद्रनाथ सिंह, कृष्ण बिहारी राय, जितेंद्र नाथ पांडेय, डा. विपिन बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य प्रभुजी, योगेंद्रनाथ सिंह, मनोज सिंह, धर्मेंद्र सिंह, दीनानाथ ठाकुर, अखिलेश राय, हरिशंकर राय, श्याम नारायण सिंह, धर्मेंद्र राय, संतोष गुप्ता, विश्व प्रकाश अकेला, मंडल अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, राणा विजय राजभर आदि उपस्थित थे। संचालन श्यामराज तिवारी ने किया।