लाकडाउन के बाद सुहवल के कालूपुर तिराहे पर बाइक पर तीन सवारी की चेकिंग करते प्रभारी निरीक्षक संजय
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने 91 वाहनों का चालान करने के साथ तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके साथ ही एक हजार समन शुल्क जमा कराने के साथ ही 40 हजार जुर्माना ठोंका।
यातायात प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने रजदेपुर चौकी इंचार्ज आशुतोष शुक्ला के साथ रौजा तिराहा पर चेकिंग के दौरान लाकडाउन में बेवजह घूमने पर 65 बाइकों का चालान कने के साथ ही एक हजार सम्मन शुल्क जमा कराया। सुहवल संवाददाता के अनुसार प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश ने पुलिस कर्मियों के साथ कालूपुर तिराहा सहित थाना क्षेत्र के सुहवल, सोनवल, ढढ़नी, मलसा, साईतबांध, पटकनिया, मेदिनीपुर आदि मार्गों पर चेकिंग के दौरान कुल 234 बाइक और चार पहिया वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान कुल 22 वाहनों का चालान किया। ई-चालान किए इन वाहनों पर करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोंका। सादात संवाददाता के अनुसार थानाध्यक्ष रविंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि लाकडाउन के दौरान बेवजह घूमने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही चार बाइकों का चालान भी किया गया।