दिलदारनगर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के फूल्ली नहर पुलिया के पास रविवार की रात स्कार्पियों की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
फूल्ली गांव निवासी दीना राजभर का बेटा कोच राजभर (28) साइकिल से किसी काम से कहीं गया था। काम होने पर वापस घर लौट रहा था। देर रात करीब आठ बजे दिलदारनगर-जमानिया मार्ग पर फूल्ली नहर पुलिया के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्कार्पियों ने टक्कर मार दिया, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग पहुंच गए। तत्काल इसकी जानकारी घायल के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और लोगों की मदद से आनन-फानन में कोच को दिलदारनगर में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन जैसे ही शव लेकर घर पहुंचे, कोहराम मच गया। परिवार की महिलाओं सहित अन्य लोग चीख-पुकार करने लगे। रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग वहां पहुंच गए और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसी किसी घटना की सूचना या तहरीर किसी की तरफ से नहीं दी गई है।