औड़िहार(गाजीपुर)। नगर के पक्काघाट स्थित श्याम प्रभु दादी राणी सती मंदिर के 50वें स्थापना दिवस पर आयोजित दो दिवसीय समारोह शनिवार की देर रात रंगारंग कार्यक्रम, नृत्य नाटिका और दो दिन तक चले भक्ति गीत एवं प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हो गया। कलश लेकर महिलाओं की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में राणी माता का जयकारा पूरे नगर में गूंजता रहा। रात में कोलकाता से आए कलाकारों ने नृत्य नाटिका के तहत एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से समा बांध दिया।
राणी सती मंदिर और आसपास तक की गयी सजावट देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम में निरंतर सहयोग बनाए रखने और समय-समय पर अपेक्षित सहयोग करने वाली नगर पालिका परिषद गाजीपुर की चेयरमैन सरिता अग्रवाल, उनके प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल, नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद यादव, सावित्री यादव, सौरभ समीर, कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी, टाउन इंचार्ज राकेश त्रिपाठी को कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कुमार तुलस्यान एवं उनकी पत्नी मंजू तुलस्यान ने दादी मां राणी सती की प्रतिमा, प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जयप्रकाश तुलस्यान, किशन, अवधबिहारी मित्तल, अवनीश झुनझुनवाला आदि का योगदान रहा।