मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नवापुरा-सलेमपुर बाइपास मार्ग पर कोटिया गांव के सामने सोमवार की शाम ट्रैक्टर से टक्कर होने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जा में ले लिया।
टड़वा गांव निवासी देवनारायण कुशवाहा (58) और विजय शंकर कुशवाहा (28) बाइक से किसी कार्य से सलेमपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान शाम को करीब पांच बजे कोटिया गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया, जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों से जानकारी लेने के बाद दुर्घटना की जानकारी उनके परिजनों और पुलिस को दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लाया गया। चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया। घायलों के परिजनों की तरफ से तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश शुरू की जाएगी।