दो कालेजों में छात्रसंघ चुनाव कल
57 प्रत्याशियों के बीच होगी चुनावी जंग
पीजी कालेज में 34 व सहजानंद में 23 प्रत्याशी मैदान में
एक का पर्चा खारिज, तीन ने नाम वापस लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गाजीपुर। जिला मुख्यालय स्थित दो कालेजों में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव होना है, इसे लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। उम्मीदवार और समर्थक रात-दिन मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं। वोटरों की गणेश परिक्रमा जारी है। आलम यह है कि छात्रों का काफिला लग्जरी वाहन और दो पहिया से शहर से लेकर गांवों तक की दौड़ लगा रहा है। मतदाताओं के घर पहुंच अपने पक्ष में वोट देने की चिरौरी भी कर रहे हैं। देखा जाए तो पीजी कालेज में कुल 34 और स्वामी सहजानंद डिग्री कालेज में 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि चार उम्मीदवार चुनाव से पहले ही मैदान से बाहर हो गए। जिसमें से एक का पर्चा खारिज कर दिया गया और तीन ने अपने नाम वापस ले लिए।
छात्रसंघ चुनाव को सकुशल और निष्पक्ष कराने के लिए कालेज प्रशासन तथा जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। पीजी कालेज और स्वामी सहजानंद डिग्री कालेज में छात्रसंघ चुनाव के मतदान की तिथि की घोषणा के बाद चुनावी हलचल काफी तेज हो गई है। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन कालेजों में मतदान कराया जाएगा। पीजी कालेज में होने वाले छात्रसंघ चुनाव पर एक नजर डालें तो मैदान में कुल 34 प्रत्याशी हैं। इसमें अध्यक्ष पद के लिए कुल छह उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था, जिसमें आनंद सिंह यादव का पर्चा निरस्त कर दिया गया। अब यह संख्या पांच की हो गई है। उपाध्यक्ष पद के लिए कुल पांच उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था, जिसमें से एक ने अपना नाम वापस ले लिया। महामंत्री पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने पर्चा भरा और सभी मैदान में हैं। जबकि पुस्तकालय मंत्री के लिए मैदान में चार उम्मीदवार हैं। इस प्रकार कला संकाय प्रतिनिधि चार, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि दो, कृषि संकाय प्रतिनिधि चार, शारीरिक शिक्षा प्रतिनिधि दो, शिक्षा संकाय प्रतिनिधि एक, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के तीन उम्मीदवार शामिल हैं। शिक्षा संकाय प्रतिनिधि का निर्विरोध चुना जाना तय हो चुका है। यहां छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी प्रकारण स्वामी सहजानंद डिग्री कालेज में कुल उम्मीदवारों की संख्या 23 है। जिसमें से अध्यक्ष पद के चार, उपाध्यक्ष पद के आठ, महामंत्री पद के तीन, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए दो, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए दो और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद के चार उम्मीदवार शामिल हैं। दोनों कालेजों को मिलाकर कुल 57 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।