जमानिया। स्थानीय बार एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को अधिवक्ताओं ने तहसील में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के तानाशाही पूर्ण रवैए को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल के दौरान धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष गोरखनाथ सिंह ने कहा कि तहसील के लगभग सभी पटल पर अनाधिकृत व्यक्ति हैं और अधिकारी तानाशाही पूर्ण रवैया अपना रहे हैं। कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है।
कहा कि आदेश के लिए लंबित पत्रावलियों में नियत तिथि पर कोई आदेश नहीं हो रहा है। अधिवक्ता उदय नारायन सिंह ने कहा कि परेशान करने की नियत से ऐसा किया जा रहा है। उपाध्यक्ष कमलकांत राय ने कहा कि दिलदारनगर थाने के अधिकतर मामले तहसील जमानिया में होने के बावजूद उपजिलाधिकारी के रवैए से परेशान होकर दिलदारनगर पुलिस द्वारा चालानी रिपोर्ट सेवराई तहसील में भेजी जा रही है। अनाधिकृत लोगों को तहसील में रखकर धन उगाही करने का कार्य तहसील में जोरों पर है। अधिवक्ता अनिल कुमार उपाध्याय ने कहा कि दाखिल खारिज, वरासत, कंप्यूटर फीडिंग पेपर सुधार, पैमाइश आदि जनहित के मुद्दों पर भी उदासीन हैं। आदेश के बाद भी महीनों पत्रावली पटल पर पड़ी रहती है। तहसील सेवराई के बार अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने भी अधिवक्ताओं की मांग का समर्थन किया। कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो सेवराई तहसील के अधिवक्ता भी समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे। अधिवक्ताओं ने चेताया कि अगर मांगें नहीं मानी गयी तो 12 को पुन: धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर रामजी राय, काजी शकील, सुरेंद्र प्रसाद, उमाकांत द्विवेदी, अनिल सिंह, काशीनाथ राय, आशुतोष राय, अशोक सिंह, रामजी राम, मेराज हसन, फैसल होदा, संजय दूबे राजवंश यादव आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता गोरखनाथ सिंह और संचालन सचिव उदय नारायण सिंह ने किया।