गहमर(गाजीपुर)। पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने करहिया स्थित एक ईंट-भट्ठे पर छापेमारी कर 30 लीटर अवैध कच्ची शराब, 200 लीटर लहन और शराब बनाने का उपकरण बरामद किया। छापेमारी के दौरान पुलिस कर्मियों ने आधा दर्जन भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस को लगातार ईट- भठ्टों पर कच्ची शराब बनाने की शिकायत मिल रही थी। इसकी सूचना पर आबकारी विभाग द्वारा करहिया स्थित ईंट-भठ्ठे पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। भठ्ठे से लोग इधर-उधर भागने लगे। आबकारी विभाग के सर्किल इंस्पेक्टर रविनंदन गौड़ पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे। छापेमारी में 30 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही 200 लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस ने शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। छापेमारी में कोई गिरफ्तार नहीं किया गया है। आबकारी पुलिस ने बताया कि शासन के निर्देश पर यह अभियान लगातार 12 सितंबर तक सभी ईट भट्ठों पर अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध चलाया जाएगा।