मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ढोड़ाडीह गांव के पास मंगलवार की सुबह बाइक और आटो की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस चालकों द्वारा यह कहने पर कि वाहन खराब है, घायलों के परिजनों ने चालकों के साथ मारपीट की। इस मामले में चालकों ने कोतवाली में तहरीर दी।
मुहम्मदाबाद नगर के शहनिंदा निवासी शहजाद खां (28) और जितेंद्र पटेल (25) अपने निजी आटो से राजापुर गांव में गोरिल बाबा का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान दिन में करीब 12 बजे ढोड़ाडीह गांव के पास सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आटो पलट गया। इस दुर्घटना में शहजाद खां, जितेंद्र पटेल और बाइक सवार राजापुर गांव निवासी अंकित यादव (16) और धन्नू कुमार (12) घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। लोग सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लाए। जानकारी होते ही घायलों के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने शहजाद और अंकित को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उन्हें लाने के लिए घायलों के परिजनों ने वहां खड़े दो एंबुलेंस चालकों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वाहन खराब है। इस बात को लेकर परिजनों और चालकों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच आक्रोशित परिजनों सहित अन्य लोगो ने चालक राजेश कुमार त्रिपाठी और हरिशंकर दुबे की पिटाई कर दी, जिससे वह चोटिल हो गए। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। परिजन दूसरे वाहन से घायलों को जिला अस्पताल लाए। अस्पताल के अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि चालकों ने मारपीट करने वाले घायल युवकोें के परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने कहा कि किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस कर्मी गए थे और समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। अगर तहरीर मिली तो मामले की छानबीन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।