सुहवल (गाजीपुर)। जनजागरण अभियान के तहत अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मंगलवार को जमानिया एवं सेवराईं तहसील के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की जनजागरण सभा रेवतीपुर के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के प्रांगण में आयोजित की गई। जिसमें शिक्षकों ने हुंकार भरते हुए पुराने पेंशन को बहाल करने की मांग की।
जनजागरण अभियान में शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपनी सबसे पुरानी मांग पुरानी पेंशन को बहाल करने के लिए आवाज उठाई। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में जनजागरण सभा में पहुंचे शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर से पुरानी पेंशन की मांग की तथा कहा कि यह हमारे बुढ़ापे का सबसे बड़ा सहारा है। हम इसे नहीं छोड़ सकते। अध्यक्षता करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ गाजीपुर के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकार और उसके मंत्री तो एक दिन का पद पाने के बाद भी अपने पूरे जीवन पेंशन लेते हैं, जबकि शिक्षक और कर्मचारी की पेंशन बंद कर दी गई है। इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी हालत में सरकार को पुरानी पेंशन देना होगा। अन्यथा हम सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगे, मंच के जिला संयोजक तथा कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के अध्यक्ष अंबिका दुबे ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारी पहली और अंतिम मांग है। अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षक और कर्मचारी केवल पेंशन ही बचा पाता है और वही उसके गाढे़ दिनों का संबल होता है। हम लोगों ने जंग छेड़ दिया है, उसे हम अंजाम तक पहुंचा कर रहेंगे। कहा कि पुरानी पेंशन एक ऐसा मुद्दा है जिसको सरकार लटकाए रखना चाहती है लेकिन अब हम कतई इंतजार नहीं कर सकते। कार्यक्रम को प्रमुख रुप से जिला मंत्री जितेंद्र यादव जूनियर अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ओमप्रकाश सिह, पवन गुप्ता, संतोष सिंह, श्वेता गुप्ता, मनोरमा सिंह, प्रेमशंकर उपाध्याय, लल्लन गुप्ता, कृष्ण कुमार सिंह संतोष सिंह, विजेंद्र कुशवाहा, इंद्रासन यादव आदि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने तथा संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ रेवतीपुर के अध्यक्ष तथा कार्यक्रम के आयोजक भगवती प्रसाद तिवारी ने किया।