मनिहारी (गाजीपुर)। क्षेत्र के अति प्राचीन पौराणिक स्थल यूसुफपुर (खड़वा) के बेसों नदी तट पर स्थित श्री टंडावीर बाबा के मंदिर के सुंदरीकरण की कवायद शुरू हो गई है। शनिवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की पहल पर एक सर्वेक्षण टीम मंदिर परिसर में पहुंची तो लोगों में खुशी व्याप्त हो गई। श्रद्धालुओं ने इस काम के लिए मनोज सिन्हा का आभार जताया है।
बीते फरवरी माह में मंदिर के दूसरे श्रृंगार उत्सव पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने क्षेत्रीय जनता की मांग पर जीर्णोद्धार कराने एवं पक्काघाट निर्माण का वादा किया था। इसके साथ ही इस मंदिर की खूबसूरती भी बढ़ जाएगी। इसी क्रम में सर्वेयर टीम के पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों में मंदिर निर्माण की आशा जागृत हो गई। सर्वेयर पैनल की ओर से मंदिर जीर्णोद्धार तथा पक्काघाटों के निर्माण और सुंदरीकरण का नक्शा बनाने का काम किया जा रहा है। टीम ने जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन मंदिर निर्माण समिति को दिया है। इस अवसर पर मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष डा. रामरतन यादव, भाजपा के मंडल अध्यक्ष ओमकार सिंह, लालजी सिंह, कपिलदेव राय, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, योगेन्द्र सिंह, राजेश जायसवाल, सुशील सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।