गाजीपुर। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए रविवार को रात में परीक्षार्थियों की भीड़ नगर क्षेत्र में जमा हो गई। गैर जनपद से हजारों की संख्या में आए परीक्षार्थियों से नगर सहित परीक्षा केंद्र के आसपास का इलाका पटा पड़ा था। एक दिन पहले पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को सुबह की पाली में परीक्षा में बैठना था। जबकि दूसरी पाली में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी दोपहर तक जिला मुख्यालय पहुंचे थे। इसे लेकर दूसरे दिन सोमवार को भी नगर में अफरातफरी की स्थिति बनी रही। परीक्षा केंद्रों के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के आसपास और होटल, ढाबों आदि पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिल रही थी।
उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती की परीक्षा के लिए जिले में 17 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 18 और 19 जून को होने वाली परीक्षा में 42 हजार परीक्षार्थियों को भाग लेना है। सोमवार को होने वाली परीक्षा में भाग लेने के लिए गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, पडरौना आदि जिले के परीक्षार्थियों का ट्रेन, बसों, निजी साधनों से आने का क्रम रविवार की देर शाम से शुरू हो गया था। रात में रोडवेज, प्राइवेट बस स्टैंडों के साथ ही रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों का मजमा लगा रहा। परीक्षार्थी लोगों से परीक्षा केंद्र के संबंध में पूछताछ करते रहे। कुछ परीक्षार्थी जहां होटलों में रुके, वहीं कई परीक्षार्थी रेलवे स्टेशन, दूकानों के टीन शेडों और घरों के बारजा से नीचे आराम करते हुए दिखाई दिए। एक तरफ जहां स्टेशन के अंदर काफी संख्या में परीक्षा सोए रहे, वहीं इससे अधिक स्टेशन के बाहर परिसर में। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने से नगर में चहल-पहल बनी रही। बीच-बीच में परीक्षार्थियों द्वारा शोर-शराबा किए जाने से अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न होती रही। सुबह परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होने लगे। सुरक्षा की दृष्टि से रोडवेड, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। पुलिस अधिकारी चक्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे।