दुल्ल्हपुर (गाजीपुर)। हरदासपुर कला गांव में तीन वर्ष से मातृ शिशु कल्याण केन्द्र का निर्माण लटका हुआ है। इस पर रोष जताते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को निर्माण स्थल पर जम कर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी गई कि अगर जल्दी ही निर्माण कार्य को पूरा नहीं किया गया तो आगे जबरदस्त आंदोलन किया जाएगा।
हरदासपुर कला गांव मऊ-गाजीपुर जनपद की सीमा से सटा हुआ है। गांव की आबादी लगभग पांच हजार की है। सुविधाओं के अभाव में मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों को जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। काफी जद्दोजहद के बाद इस गांव में एक मातृ शिशु कल्याण केंद्र की स्थापना का निर्णय लिया गया। करीब तीन वर्ष से इसके भवन का निर्माण चल रहा है, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। ठेकेदार के अनुपस्थित रहने तथा ठप पड़े कार्य को देखकर आज ग्रामीणों का गुस्सा उबल पड़ा। भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह समेत ग्रामीण केंद्र पर पहुंच गए तथा जम कर नारेबाजी करने लगे। श्री सिंह ने कहा कि सपा सरकार में पुराने केंद्र को तोड़ कर नया बनाया गया, लेकिन ठेकेदार और स्वास्थ्य विभाग की कमीशनखोरी के चलते आधे-अधूरे काम को छोड़ कर चंपत हो गए। कई बार जिले के आला अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में पड़ गया। अन्य वक्ताओं ने कहा कि इस केंद्र के अभाव में जहां महिलाओं को परेशानी हो रही है, वहीं स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। करीब एक घंटे के प्रदर्शन के बाद वक्ताओं ने चेतावनी दी कि भवन के निर्माण के साथ ही यथाशीघ्र चिकित्सक और स्टाफ की नियुक्ति नहीं हुई तो धारदार आंदोलन किया जाएगा। इस बीच जन प्रतिनिधियों ने कई बार सीएमओ से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इस मौके पर उपेंद्र सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, सूर्यनाथ सिंह, मो इकबाल, सुनील सिंह, पंकज कुमार, चन्दन कुमार, लौजरी कुमार विशाल सिंह, अश्वनी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।