गाजीपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मिश्रबाजार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल समाज के दलित नारायण को ही आराध्य देव मानते हुए मानव समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की कल्पना करते थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के वैचारिक एवं रचनात्मक तंत्र को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों ने हमेशा सबल किया है। पूर्व जिलाध्यक्ष विजयशंकर राय ने पंडित दीनदयाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह आम एवं खास कार्यकर्ता में अंतर नहीं करते थे। इस अवसर पर रामहित राम, विरेंद्र राय, अच्छेलाल गुप्ता, प्रवीण सिंह, अनिल यादव, राजेंद्र निषाद, सुमित तिवारी, संकठा मिश्रा आदि मौजूद थे। अध्यक्षता विनोद अग्रवाल एवं संचालन नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय ने किया।