थाना क्षेत्र के गुलालसराय गांव स्थित जनसेवा केंद्र से बाइक सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने दिनदहाड़े संचालक की कनपटी पर तमंचा सटाकर 80 हजार रुपये लूट लिया। घटना के बाद लुटेरे तमंचा लहराते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई जगह नाकेबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना से आसपास के दुकानदारों में भय है।
गुलालसराय गांव निवासी अनिल कुमार करीब एक वर्ष से गांव में जनसेवा केंद्र का संचालन करते हैं। दोपहर में वह अपने केंद्र पर मौजूद थे। करीब दो बजे बाइक से तीन नकाबपोश लुटेरे पहुंचे। इसके बाद एक लुटेरा बाइक स्टार्ट कर बाइक पर बैठा था, जबकि दो लुटेरे केंद्र के अंदर गए और पैसा निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड संचालक अनिल कुमार दिया और खाते से 25 हजार नकदी निकालने को कहा। जब एटीएम कार्ड चेक किया तो उसमें पैसे नहीं थे। जैसे ही जनसेवा केंद्र संचालक ने खाते में पैसा नहीं होने की बात कही। दोनों लुटेरे ने तमंचा निकालकर संचालक के कनपटी पर सटा दिया और कैश काउंटर में रखे 80 हजार रुपये लूट कर तमंचा लहराते फरार हो गए। इधर घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित संचालक से पूछताछ करने के बाद जगह-जगह वाहन चेकिंग शुरू कर दी लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से आसपास के दुकानदारों में भय व्याप्त है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर घटना की छानबीन चल रही है, जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।