गाजीपुर। नगर के गोराबाजार स्थित हनुमान चौराहा से रविंद्रपुरी कालोनी में जाने वाले सड़क पर निर्माण के नाम पर महीनों से सिर्फ गिट्टी-मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात के अंधेरे में अंजान बाइक सवार आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। बारिश होने पर आवागमन करने वालों को परेशानी और भी बढ़ती जा रही है। मार्ग का निर्माण न कराए जाने से लोगों में निराशा के साथ नगरपालिका के प्रतिरोष गहराता जा रहा है।
गोराबाजार हनुमान मंदिर चौराहा से रविंद्रपुरी कालोनी होते हुए पीजी कालेज तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी थी। इससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। करीब एक वर्ष जैसे ही मार्ग पर गिट्टी-मिट्टी गिराने का कार्य प्रारंभ कराया गया, लोगों में इस बात से खुशी की लहर दौड़ गई थी कि इस मार्ग पर निर्माण हो जाने से आवागमन में होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी, लेकिन निर्माण के नाम पर आज तक सिर्फ गिट्टी और मिट्टी डालकर छोड़ा गया है। कई जगह मिट्टी से उखड़कर गिट्टियां बिखरी हुई है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के अंधेरे में बाइक सवार गिट्टियों की वजह से अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो रहे है। लोगों ने बताया कि खस्ताहाली की वजह से आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर स्थिति और भी नारकीय हो जा रही है। पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जा रही है। संबंधित विभाग का बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने पर भी मार्ग को दुरुस्त कराकर समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी उमेशचंद्र ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद इस मार्ग को दुरुस्त कराने का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।