सेवराई(गाजीपुर)। क्षेत्र के भदौरा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को 13005 अप हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल के ठहरते ही लोग खुशी से झूम उठे। नगरवासियों ने चालक तथा गार्ड को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया तथा बुके देकर सम्मानित किया गया। बता दें कि गाड़ी के ठहराव की लंबे समय से मांग की जा रही थी।
दानापुर - पं.दीनदयाल उपाध्याय रेल खंड पर पड़ने वाले भदौरा रेलवे स्टेशन पर कई गाड़ियों के ठहराव की मांग की जा रही थी। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की ओर से हावड़ा अमृतसर मेल एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की हरी झंडी दे दी गई। सुबह करीब सात बजे अपने नियत समय से एक घंटा विलंब से पहुंची हावड़ा अमृतसर मेल (पंजाब मेल) के स्टेशन पर रुकते ही लोगों ने जयघोष किया। बाद में भदौरा मंडल अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह, किसान नेता भानु प्रताप सिंह, रेवतीपुर मंडल अध्यक्ष पंकज राय आदि ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ने बताया कि रेल राज्य मंत्री जी की ओर से भदौरा रेलवे स्टेशन पर सुलभ इंटरनेशनल शौचालय, पेयजल, रेलवे क्रोसिंग से स्टेशन तक मार्ग का नव निर्माण सहित फुट ओवर ब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है। आने वाले कुछ दिनों में ही सभी कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक रमेश कुमार, आशु सिंह, मुन्ना सिंह, हरिओम सिंह, भानु प्रताप सिंह, चंद्रमोहन राय, टीपू सिंह, इब्राहिम खां, अनिल गुप्ता, जितेंद्र यादव, जगजीत सिंह, बबुआ सिंह, अरुण जायसवाल आदि सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।