गाजीपुर। विभिन्न मांगों को लेकर बीएसएनएल के कर्मचारियों ने सोमवार से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी। पीर नगर स्थित जिला कार्यालय पर वक्ताओं ने कहा कि हमारी आठ सूत्रीय मांगें हैं, जिसे हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। सरकार जानबूझ कर हमारी उपेक्षा कर मांगों को लंबित कर रही है। चेतावनी दी कि अगर सरकार इन तीन दिनों में कोई फैसला नहीं करती है, तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक एसएन सिंह ने कहा कि यह हड़ताल जिले भर के सभी कार्यालयों में की जा रही है। हमारी सभी मांगें जायज हैं। क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र यादव ने मांगों की चर्चा करते हुए कहा कि तीसरे पे रिवीजन का निराकरण किया जाना चाहिए। बीएसएनएल के 4 जी स्पेक्ट्रम का आवंटन किया जाना चाहिए, जिससे लोगों को सुविधा हो सके। इसी क्रम में जिला सचिव नफीस अहमद ने कहा कि न तो पेंशन का रिवीजन किया जा रहा है और न ही उसका कंट्रीव्यूशन ही हो रहा है। इसके चलते कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। सरकार इस मुद्दे को जानबूझ कर लंबित करती जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि हमारी तरफ से मोबाइल टावर्स के आउटसोर्सिंग का विरोध किया जा रहा है। कर्मचारी तथा उपभोक्ता हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। जिसे सरकार मान नहीं रही है। इस हड़ताल का सीटू ने भी समर्थन किया है। इस मौके पर उमाशंकर प्रजापति, अपरवल यादव, वीके सिंह, अनिरुद्ध सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, राजेश कुमार यादव, दीपक कुमार, सर्वेश कुमार, हिमांशु कुमार, पंकज आदि मौजूद रहे।