गाजीपुर। अब कोई मतदाता सूची से बाहर नहीं होगा। इसके लिए 25 जनवरी को मनाए जाने वाले नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पर निर्वाचन आयोग से जुड़े कर्मचारियों को शपथ दिलाई जाएगी। इसमें प्रत्येक मतदाताओं को घर-घर खोजकर उनका नाम सूची में जोड़ने के साथ ही वोटर कार्ड का भी वितरण किया जाएगा। साथ ही शहर में रैली निकालने के साथ ही मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग से समस्त जिलों में दिशा-निर्देश भी जारी किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय को दिए गये निर्देश में हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को ‘नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइंड (कोई मतदाता न छूटे)’ की थीम पर पर मनाये जाने के लिए कहा गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाए जाने के लिए निर्देश दिया गया है। इसमें कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही शहर में स्कूली बच्चों के सहयोग से मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। समारोह में लोगों को शपथ दिलाने के साथ ही मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र का वितरण किया जाएगा। बताया कि कार्यक्रम को लेकर जोरशोर से तैयारी की जा रही है।