मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाने के लिए सड़क में आने वाली भूमि को चिह्नित किए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे सड़क किनारे के मकान मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा बलिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन किए जाने की घोषणा के दो साल बाद तक इस बारे में कोई कार्रवाई आगे न बढ़ने से लोगों में काफी मायूसी छाई हुई थी।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर एनएचआई के अधिकारियों द्वारा कुंडेसर गांव में पिछले दिनों सड़क के दोनों तरफ नापकर निशान लगा देने से अब लोगों को लगने लगा है कि सड़क पर फोरलेन का काम शीघ्र शुरू होगा। सड़क का चौड़ीकरण किए जाने के लिए जमीन का चिन्हांकन शुरू होने पर सड़क के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले लोगों में जहां हड़कंप मचा हुआ है, वहीं भूमि स्वामियों की जमीन एवं मकान सड़क में जा रही है, उनमें मुआवजा मिलने की उम्मीद से खुशी की लहर व्याप्त है। सड़क के फोरलेन बनने से गौसपुर, अहिरौली, कुंडेसर, सुरतापुर, भांवरकोल, मिर्जाबाद मनिया आदि गांव में सड़क किनारे बने मकानों के सड़क में जाने की चर्चा गांव में जोरों पर है।