मनिहारी। ब्लाक स्तरीय बाल-क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह प्राथमिक विद्यालय चौरा में गुरुवार को आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी गुलशन उवर ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने कुश्ती, कबड्डी, लंबी कूद, ऊंची कूद, सामूहिक गान, पीटी, दौड़ आदि खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में जूनियर हाईस्कूल इंद्रपुर छीड़ी एवं कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय मनिहारी के बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों की वाहवाही लूटी। दोनों टीम के बच्चों को बीएसए ने पुरस्कार देने की घोषणा की। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचकर पवित्र उद्देश्य के साथ बच्चों को पढ़ाएं। छात्र-छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब लगन के साथ मन लगाकर पढ़ाई करें। इस दौरान विजेंद्र सिंह यादव, ओमप्रकाश, प्रदीप यादव, अनिल कुमार यादव, अशोक दूबे, मनोज चौरसिया, अरविंद राय, राधेश्याम यादव, वीरेंद्र सिंह, रामप्रवेश, संजय कुमार राम, रामधीश आदि रहे। अंत में खंड शिक्षाधिकारी सुदामा राम ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।