बिरनो। थाना क्षेत्र के आराजी ओड़ासन गांव में मंगलवार की दोपहर एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। परिवार के लोग उसे उपचार के लिए वाराणसी लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाके के अराजी ओड़ासन गांव निवासी अभिषेक गुप्ता की पत्नी सोनम गुप्ता (30) मंगलवार की दोपहर अपने कमरे में थी। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में वह झुलस गई। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर आए। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवार वालों ने बताया कि सोमवार दोपहर में अपने कमरे में आराम कर रही थी। इसी बीच उसके चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। हम लोग दौड़ कर कमरे के पास पहुंचे थे, तभी देेेखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। हम लोग दरवाजा तोड़ कर अंदर गए तो देखा कि वह गंभीर रूप से झुलसी हुई है। उसे पहले जिला अस्पताल और बाद में वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में थाने की पुलिस ने बताया कि विवाहिता की झुलस कर मौत होने की बात संज्ञान में है। परिवार के लोग मृतका का वाराणसी में पोस्टमार्टम करा रहे हैं। यदि मायके वालों की तरफ से तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की जाएगी। उधर घटना को लेकर ग्रामवासियों में तरह-तरह की चर्चा होती रही।