दुल्लहपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए पक्के मकान को माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर मंगलवार की दोपहर जेसीबी लगा कर ध्वस्त कराया गया।
एसडीएम जखनियां विजय शंकर तिवारी ने बताया कि गांव समाज के 132 लैंड भूमि पर गांव के जगरनाथ ने एक मंजिला पक्का निर्माण करा लिया था, इनके अलावा चंद्रभान तथा श्री प्रकाश चौबे द्वारा टीन शेड छप्पर तथा नाद रख कर अवैध ढंग से कब्जा किया गया था। माननीय उच्च न्यायालय में दाखिल जनहित याचिका पर नियमत: वाद प्रतिवाद का मुकदमा तहसीलदार न्यायालय में किया गया। कब्जा जमाए चंद्रभान तथा श्रीप्रकाश द्वारा नोटिस मिलने पर टीनशेड तथा छप्पर हटा लिया गया, लेकिन जगरनाथ के बने पक्के मकान में एक लट्ठे का अतिक्रमण पाए जाने पर उसे गिरा दिया गया है। अतिक्रमण हटवाने वाली टीम में नायब तहसीलदार विशाल शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल अनिल कुमार, जयप्रकाश यादव, विजय बहादुर, अनिल कुमार तृतीय, आशुतोष पांडेय तथा सौरभ रहे।