गाजीपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कई प्राथमिक विद्यालयों तक जाने वाली सड़क जहां बदहाल है, वहीं कुछ जगहों पर रास्ता न होने से बरसात के दिनों में छात्रों की फजीहत होती है। उन्हें कीचड़ के बीच से होकर स्कूल आने जाने को विवश होना पड़ रहा है। कुछ विद्यालयों के परिसर में पानी भरने से पठन-पाठन प्रभावित है। कई विद्यालयों में भवन जर्जर होने के कारण भी बरसात में कक्ष के भीतर छात्रों को पढ़ाना खतरे से खाली नहीं है।
जमानिया क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में जाने के लिए एक ही रास्ता है। वह भी बारिश के कारण कीचड़युक्त हो चुका है। इससे स्कूली बच्चों को मजबूरी में होकर गुजरना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान पति अनिल यादव, रामकेश, विजयनारायन, महेंद्र, शोभनाथ आदि ने कहा कि इस रास्ते पर जल्द से जल्द खड़ंजा बिछाया जाना चाहिए ताकि बच्चों को परेशानी न हो। यह सड़क कार्ययोजना में स्वीकृत होने के बाद भी न बनना चिंता की बात है। इस संबंध में प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मराज सिंह ने बताया कि इस बाबत कई बार ग्राम प्रधान सहित उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण बच्चों के साथ अध्यापकों को भी विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती है। दुल्लहपुर क्षेत्र के जफरपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय पर जाने का रास्ता न होने से छात्र सहित शिक्षक भी कीचड़ से होकर गुजरते हैं। गाजीपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित विद्यालय के आगे शिव मंदिर है। पहले जब मंदिर की चहारदीवारी नहीं बनी थी तब लोग मंदिर के जमीन से होकर विद्यालय पहुंचते थे लेकिन वर्तमान में मंदिर की चहारदीवारी बन जाने से रास्ता न के बराबर है। बहुत ही संकरे रास्ते से होकर शिक्षक तथा छात्र आते-जाते हैं। विद्यालय के दूसरे किनारे ताल है जहां बरसात में पानी भर जाता है। इस कारण विद्यालय पर पहुंचने का रास्ता ही बंद हो जाता है। मंदिर के सामने मिट्टी पड़ जाने से बारिश में कीचड़ में तब्दील हो चुका है। रास्ते में पानी भर जाने पर इस विद्यालय को बंद करना पड़ता है। पूरे बरसात भर यहां के बच्चों को दूसरे विद्यालय में जाना पड़ता है। इस संबंध में एनपीआरसी रामनयन मिश्रा ने बताया कि इस समस्या से खंड शिक्षाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि इस पर खड़ंजा पास हो चुका है। बरसात बाद खड़ंजा लगवा दिया जाएगा। गहमर क्षेत्र के कन्या माध्यमिक विद्यालय गदाईपुर में बरसात का पानी लगने से छात्रों को परेशानी होती है।