सेवराई/दिलदारनगर (गाजीपुर)। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में बीती रात करेंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
फरीदपुर निवासी जुगनू अंसारी (38) पुत्र ऐनुद्दीन अंसारी सोमवार की शाम करीब छह बजे अपने घर के पड़ोस में बाग में घूम रहा था। बाग में टूटकर गिरे विद्युत केबिल पर पैर पड़ते ही उसे करेंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद बगल में काम कर रहे मजदूरों ने देखा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच घटना से गांव में कोहराम मच गया और परिजन शव लेकर घर चले गए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।