जमानिया(गाजीपुर)। संभावित बाढ़ को देखते हुए उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने गंगा नदी के कई तटवर्ती गांवों का जायजा लिया। भ्रमण के बाद उन्होंने संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। बाद में वह अस्पताल में पहुंचे तथा चिकित्सकों, कर्मचारियों की सूची के साथ ही बाढ़ के समय के प्रबंधन की सूची मांगी। कहा कि बाढ़ जैसे संवेदनशील समय में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री गुप्ता बुधवार की सुबह क्षेत्र के सब्बलपुर, देवरिया, पाह सैयदराजा, डूहियां, हरपुर आदि गांवों में पहुंचे तथा गंगा से होने वाली कटान या नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी बात की। कटान या बाढ़ के समय होने वाली परेशानियों से रूबरू होते हुए। कहा कि बाढ़ की परिस्थितियों में सभी को धीरज से काम लेना चाहिए। इसके बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को पूर्ण कर इस क्षेत्र के लिए जो भी दिशा निर्देश जारी किया गया है उसे हर हाल में पूरा कर देना है। बाढ़ केन्द्रों, शिविरों तथा प्रभावित गांवों में त्वरित राहत के लिए तैनात चिकित्सकों, दवाओं की स्थिति, कर्मचारियों की तैनाती समेत हर संभावित तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय में पीड़ितों को किसी प्रकारी की सुविधा से वंचित न होना पड़े इसका पूरा ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार आलोक कुमार, कानूनगो, लेखपाल समेत कई लोग मौजूद रहे।