सुहवल(गाजीपुर)। ताड़ीघाट-बारा राजमार्ग पर राज्य सड़क परिवहन निगम की बस का संचालन महीनों से बंद होने से जिला मुख्यालय जाने के लिए लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों को प्राइवेट वाहनों की महंगी एवं जोखिमभरी यात्रा करने को विवश होना पड़ रहा है।
बीते वर्ष परिवहन आयुक्त पी. गुरुप्रसाद से क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने रोडवेज की बस के संचालन का आग्रह किया था। उनके आदेश पर बीते वर्ष 23 अगस्त को रेवतीपुर बस स्टैंड से वाराणसी के लिए परिवहन निगम की बस का संचालन शुरू हुआ। कुछ दिनों बाद ही इसका संचालन बंद कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि परिवहन निगम की बस बंद होने से निजी बस संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। रेवतीपुर निवासी जयनारायण राय, पकडी के अनूप राय, नवली के उमाशंकर, सुहवल के योगेंद्र सिंह, नगदीलपुर के रामजी, हसनपुरा के दीनबंधु राय आदि ने परिवहन निगम की बस का संचालन शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में स्थानीय डिपो के एआरएम उमेश सिंह मौर्य से पूछने पर उन्होंने आफिस आने पर जानकारी देने की बात कहकर फोन काट दिया।