जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर हाल ही में पाटलिपुत्र लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव निश्चित किया गया है। चार राज्यों से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन का ठहराव उत्तर प्रदेश में अभी तक मुगलसराय में था लेकिन पहली जून से इसका ठहराव स्थानीय स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है। संचार-रेल राज्यमंत्री के प्रयास से मिली इस सौगात से क्षेत्रीय लोग गदगद हैं।
पाटलिपुत्र लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट ट्रेन बिहार के पाटलिपुत्र से महाराष्ट्र के लोकमान्य तिलक तक कुल 1692 किमी की दूरी चार राज्यों को पार करते हुए मात्र 13 ठहराव में तय करती है। इस ट्रेन के अधिकतर स्टेशनों की दूरी लगभग सौ किलोमीटर से अधिक है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में इस ट्रेन का ठहराव मात्र दो स्टेशनों पर है। लंबी दूरी की ट्रेन का ठहराव स्थानीय स्टेशन पर हो जाने से जहां एक और लोगों में खुशी व्याप्त है वहीं दूसरी ओर स्थानीय नगर का सीधे महानगर से संपर्क हो जाने से क्षेत्र का विकास होने के आसार बढ़ गए हैं। बिहार के पाटलिपुत्र से तथा महाराष्ट्र के लोकमान्य तिलक स्टेशन से यह ट्रेन प्रतिदिन चलती है और लगभग 28 घंटों में 1692 किमी की दूरी तय करती है। इस ट्रेन की एक और दिलचस्प बात यह है कि अमूमन ट्रेन की संख्या अप में कम और डाउन में अधिक होती है, लेकिन अप में ट्रेन की संख्या 12142 और डाउन में 12141 है। इस ट्रेन के ठहराव के लिए क्षेत्र के लोगों की तरफ से कई बार आवाज बुलंद की गई है। इसका परिणाम रहा कि संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इस ट्रेन का स्थानीय स्टेशन पर ठहराव करा कर लोगों को सौगात दी। नगर को महानगर से जोड़ने वाली इस ट्रेन से यात्रियों में जहां खुशी है, वहीं व्यापारी व्यापार के नए आयाम तलाश करने में जुट गए हैं।