उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को एमएएच इंटर कालेज में जनपद अध्यक्ष सुब्बचन सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें उपस्थित समस्त शिक्षकों ने यूपी बोर्ड परीक्षा-2018 को नकलमुक्त कराने में समस्त शिक्षकों से सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में जनपदीय शिक्षक समस्याओं पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक की उदासीनता के कारण पदोन्नति एवं विनियमितीकरण का प्रकरण संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में लंबति है। इसके त्वरित निस्तारण करने की मांग की। जनपद संगठन को सक्रिय बनाने के लिए कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सक्रिय शिक्षकों की टीम बनाकर जिला विद्यालय निरीक्षक या संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय वाराणसी से संपर्क करके शिक्षक समस्याओं के निस्तारण पर बल दिया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डा. रामबदन सिंह, रामजन्म सिंह, जनार्दन सिंह, सत्यदेव राय, बसंत सिंह, सुरेंद्र सिंह, रामलक्षन सिंह यादव, ओमप्रकाश सिंह, बेचन यादव, शिवजी सिंह, शिवबचन पांडेय, सलाउद्दीन अहमद, हरिकेश सिंह यादव, अभय कुमार मौर्य, संजय कुमार भारती, राजेश सिंह यादव, अबुल कैश आदि उप स्थित थे। संचालन जनपद मंत्री भानूप्रताप सिंह ने किया।