गाजीपुर। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार सोमवार को उमंग और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। निर्धारित समय पर शहर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के ईदगाहों सहित मस्जिदों में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद लोगों द्वारा एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देने का जो सिलसिला सुबह से शुरू होगा, वह देर रात कर चलता रहेगा। सेवई की मिठाई में गंगा-जमुनी तहजीब घुलेगी। नमाज के दौरान ईदगाहों और मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
सुबह आठ बजे से ही मुस्लिम बंधुओं का नमाज अदा करने के लिए शहर के विशेश्वरगंज स्थित ईदगाह पर पहुंचने का क्रम शुरू हो जाएगा। साढ़े नौ बजते-बजते ईदगाह पूरी तरह से नमाजियों से भर जाएगा। इसके बाद 10 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के दौरान अल्लाह से अमन-चैन की दुआ मांगी जाएगी। नमाज समाप्त होने के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देंगे। दुल्लहपुर, दिलदारनगर, सुहवल, जमानिया, खानपुर, बहरियाबाद, शादियाबाद, करंडा, बिरनो, जंगीपुर, नंदगंज, कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद, गहमर, देवकली, सेवराई, सैदपुर, सादात, भीमापार, बहादुरगंज, मरदह, भांवरकोल, दुबिहा, करीमुद्दीनपुर, जखनिया सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के ईदगाहों और मस्जिदों पर निर्धारित समय ईद की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के बाद मुस्लिम भाई एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देने के साथ ही सेवई का स्वाद चखेंगे। पर्व की पूर्व संध्या पर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज की तैयारी होती रही। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि ईद के मौके पर शां ति व्यवस्था के मद्देनजर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के ईदगाहों और मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।