गाजीपुर। नगर के बीच स्थित मिश्र बाजार मार्ग पर बने नाले के खराब निर्माण कार्य के चलते यहां लगा पटिया तीन दिनों के अंदर ही टूट गया। इसके विरोध में समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी ने नगरवासियों के साथ नगर पालिका परिषद एवं वर्तमान नगरपालिका चेयरमैन की सद्बुद्धि एवं भ्रष्टाचार रोकने के लिए क्षतिग्रस्त नाला पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया।
इस मौके पर समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी ने कहा कि चेयरमैन द्वारा कराए जा रहे समस्त निर्माण कार्य में इस्तेमाल घटिया सामग्री, भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के चलते हफ्ते भर भी नहीं टिक पा रहा है, जिसके चलते सभी नए निर्माण कार्य जगह-जगह पर जर्जर हो चुके हैं। नगर के मिश्रबाजार मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक लोगों का आवागमन होता है। शिव मंदिर के सामने नगरपालिका द्वारा नाला का नवनिर्माण करा कर उसे सीमेंट की पटिया से ढंका गया था। मानक के अनुरूप कार्य न होने से तीसरे दिन भी नाला की पटिया क्षतिग्रस्त हो गई। इससे जहां आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोग गिर कर घायल हो रहे हैं। हफ्तो बीत जाने के बाद भी नगरपालिका द्वारा पटिया को दुरुस्त कराने का कार्य नहीं किया गया है। कहा कि इसी प्रकार पुराना हनुमान मंदिर के रोड लगाई गई पटिया भी टूट गई है। नगर में कराए जा रहे तमाम निर्माण कार्यों में मानक के अनदेखी की जा रही है। घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने की वजह से वह ज्यादा दिन तक नहीं टिक पा रही है। उन्होंने नगर पालिका परिषद चेयरमैन के ऊपर स्वकर प्रणाली को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों से स्वकर प्रणाली को 50 प्रतिशत कम करने का कोरा आश्वासन सिर्फ चुनाव-दर-चुनाव चेयरमैन द्वारा दिया जाता रहा है, जबकि आज तक उसको लेकर कोई कार्यवाही नहीं हुई। लोगों से जबरन स्वकर के नाम पर मनमानी धन उगाही की जा रही है। पालिका परिषद को आगाह किया कि स्वकर प्रणाली को तत्काल 50 प्रतिशत कम किया जाय एवं नगर पालिका परिषद से कमीशनखोरी एवं भ्रष्टाचार के खेल को खत्म किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम नगरवासी के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन, नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी एवं चक्काजाम के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर सभासद सोमेश राय, इंदीवर वर्मा, मनीष, अनिल, इमरान, शालू, प्रदीप यादव, मुन्ना, आकिब, बृजेश राय, यशवंत राय सहित दर्जनों नगरवासी मौजूद थे।