गाजीपुर। आतंकवाद को लेकर भारत द्वारा आतंकवाद के खात्मे के खिलाफ छेड़ी गई जंग को लेकर देश में देशभक्ति की बयार बह रही है। आम हो या खास, सभी भारतीय सेना का हौसला बढ़ाते हुए भारत माता की जय बोल रहे हैं। इस समय लोगों के घरों से देर रात तक टीवी की आवाज आ रही है। वह आवाज किसी फिल्म की नहीं, बल्कि समाचार की सुनाई दे रही है। आलम यह है पुरुषों की कौन कहे, महिलाएं भी अपना मन-पसंद धारावाहिक-फिल्म न देख समाचार चैनल पर भारत द्वार आतंकवाद के खिलाफ छेड़ी जंग की खबर देख रही हैं।
बीतें 14 फरवरी पुलवामा में हुए आत्मघाती हमला में सीआरपीएफ के 42 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद भारतवासियों में आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा फूट गया था। जिलेवासियों द्वारा जगह-जगह कैंडिल मार्च निकाल कर और श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का क्रम शुरू हो गया थे। इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ पाकिस्तान का झंडा फूंक कर अपने गुस्से का इजहार किया था। हर कोई प्रधानमंत्री से यह मांग कर रहा था कि वह पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे। इसी क्रम में पुलवामा हमले के 13 वें दिन भारतीय वायुसेना ने मंगलवार की भोर में पाकिस्तान में घुस कर जैश के तीन बड़े ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई से जिलेवासियों ने खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने भारत माता की जय नारों के साथ वायुसेना के जवानों को सैल्यूट किया। हालांकि बुधवार को भारतीय पायलट के पाकिस्तान के कब्जे में होने पर लोगों में निराशा व्याप्त हो गया।