गाजीपुर। अप और डाउन में आने -जाने वाली ट्रेनों में दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, वही अन्य ट्रेनें घंटों विलंब से गुजरी हैं। यह हालात पीडीडीयू से दानापुर रेलखंड तथा वाराणसी से छपरा रेलखंड पर देखने को मिल रही है। ऐसे में शादी-विवाह, मांगलिक कार्य सहित अन्य आवश्यक कामों से छुट्टी लेकर घर आने वाले तथा वापस जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाराणसी-छपरा मार्ग पर सवारी गाड़ियों को मनमाने ढंग से चलाया जा रहा है। इनका कोई समय नहीं रह गया है। वाराणसी से गाजीपुर, बलिया और छपरा आने में डाउन ट्रेनों को चार से छह घंटे लग रहे हैं।
वाराणसी-छपरा रेलखंड पर अप और डाउन ट्रेनों के विलंब से चलने तथा हरिहर एक्सप्रेस के रद्द होने से यात्रियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। पिछले एक पखवारे से अप लाइन की सद्भावना एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, सेनानी सुपर फास्ट एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस और गोदिया एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें अपनी निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही हैं। यही हाल डाउन में ज्यादातर ट्रेनों का है। इस रूट पर डाउन में चलने वाली सवारी गाड़ियों पर रेलवे विभाग का कोई नियंत्रण नहीं है। आलम यह है कि छोटे-बड़े हर स्टेशन पर ट्रेेेनों के आधे से एक घंटे तक खड़ा होने से यात्री अन्य किसी साधन से निकल जाते हैं। ऐसे में रात के वक्त इन ट्रेनों में फंसे चंद यात्री जिन्हें अंतिम स्टेशन तक की यात्रा करनी होती है, वह काफी भयभीत रहते हैं।
दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार पीडीडीयू-दानापुर रेलखंड पर डाउन में जाने वाली 13414 फरक्का एक्सप्रेस तथा अमृतसर हाबड़ा पंजाब मेल रद्द कर दी गई है। 14056 ब्रम्हपुत्र मेल तीन घंटे, 12328 उपासना एक्सप्रेस दो घंटे, 2791 दानापुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस तीन घंटे, 12334 विभूति एक्सप्रेस दो घंटे, 12488 सीमांचल सुपर पास्ट एक्सप्रेस दो घंटे देर से चल रही थी। अप की ओर से जाने वाली 14055 ब्रम्हपुत्र मेल एक घंटा, 15646 गुवाहाटी दादर दो घंटे, 22948 भागलपुर सूरत दो घंटे, 22405 गरीब रथ दो घंटे , 13133 अपर इंडिया एक्सप्रेस एक घंटे की देर से चल रही थी। पिछले एक पखवारे से लगातार ट्रेनों का संचालन बेपटरी हो गया है। इससे यात्रियों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। आलम यह है कि यात्री अपना टिकट रद्द करा कर दूसरे किसी विकल्प के सहारे अपने गंतव्य को जा रहे हैं। इससे यात्रियों में मायूसी छाई हुई है।