गाजीपुर। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ में प्रवेश के लिए (लेटरल इंट्री) परीक्षा का आयोजन शनिवार को किया जा रहा है। इसमें 12 सौ से ज्यादा विद्यार्थियों के बीच दाखिले की जंग होगी। कक्षा-नौ की तीन सीट के लिए हो रही परीक्षा के लिए एक केंद्र बनाया गया है। एक पाली में हो रही परीक्षा के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
शहर के पुलिस लाइन के पास स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-छह और नौ (लेटरल इंट्री) में दाखिले के लिए हर वर्ष प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। हर बार की तरह इस बार भी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कक्षा-नौ की तीन सीट के लिए दो फरवरी को प्रवेश परीक्षा हो रही है। इस परीक्षा में एमजेआरपी पब्लिक स्कूल स्थित केंद्र पर 1239 छात्र बैठेंगे। इसमें 1009 बालक एवं 230 बालिकाएं हैं। परीक्षा सुबह दस से दिन में साढ़े 12 बजे तक आयोजित होगी। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने बताया कि शुक्रवार को प्रवेश परीक्षा के संबंध में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बताया कि परीक्षार्थी अपने साथ एक आईडी जरूर साथ लेकर आएं। कक्षा-छह की प्रवेश परीक्षा इस बार अप्रैल माह में होगी। इस परीक्षा के लिए 5583 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।